Close

Recent Posts

CORONA ਦੇਸ਼ ਪੰਜਾਬ

कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने पंजाब से प्रवासी मज़दूरों को घर वापस भेजने के लिए 5 मई से विशेष रेलगाडिय़ाँ चलाने के लिए अमित शाह के निजी दख़ल की मांग की

कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने पंजाब से प्रवासी मज़दूरों को घर वापस भेजने के लिए 5 मई से विशेष रेलगाडिय़ाँ चलाने के लिए अमित शाह के निजी दख़ल की मांग की
  • PublishedMay 4, 2020

6.44 लाख से अधिक प्रवासी कामगारों की ओर से घर वापस जाने के लिए जाहिर की गई इच्छा के बाद मुख्यमंत्री ने की अपील

चंडीगढ़, 4 मई: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर पंजाब में फंसे प्रवासी मज़दूरों को उनके राज्यों में भेजने के लिए 5 मई से 10-15 दिन के लिए विशेष रेलगाडिय़ों का प्रबंध करने के लिए उनके निजी दख़ल की माँग की है।

मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को उचित इंतज़ाम करने के लिए रेल मंत्रालय को हिदायत करने की अपील की, क्योंकि पंजाब में फंसे प्रवासी कामगार अपने जद्दी स्थानों पर वापस जाने के लिए बेचैन हैं। राज्य सरकार द्वारा विशेष तौर पर तैयार किए गए पोर्टल  www.covidhelp.punjab.gov.in पर सफलतापूर्वक रजिस्टर्ड हो चुके 6.44 लाख से अधिक प्रवासी कामगारों द्वारा घर वापस जाने की इच्छा ज़ाहिर करने के बाद मुख्यमंत्री ने यह अपील की है।

गृह मंत्री शाह को भेजे पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पोर्टल पर रजिस्टर्ड हो चुके लोगों की वापसी के लिए परिवहन के लिए अगले 10-15 दिन रेल मंत्रालय को रेलगाडिय़ों की ज़रूरतों के मुताबिक रोज़ाना सूचित किया करेगी। स्थानीय स्तर पर कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने बताया कि प्रवासी कामगारों की निर्विघ्न यातायात की योजना बनाने के लिए पंजाब के अधिकारी सम्बन्धित राज्यों और रेलवे के अधिकारियों के साथ तालमेल कायम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब में उद्योग और कृषि क्षेत्र में अस्थाई रोजग़ार हासिल करने के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य पूर्वी राज्यों से बड़ी संख्या में कामगार आते हैं।

उन्होंने कहा कि यह लोग जो आम तौर पर होली के बाद मार्च में चले जाते हैं, इस साल लॉकडाउन लागू होने के कारण वापस नहीं जा सके। कैप्टन अमरिदर सिंह ने कहा कि वैसे तो राज्य सरकार द्वारा पिछले छह हफ़्तों से इन कामगारों को भोजन और आश्रय प्रदान करवाने के सभी प्रबंध किए गए हैं, परन्तु अब वह स्वाभाविक रूप से अपने घर जाना चाहते हैं। उन्होंने इन विशेष ज़रूरतों के मद्देनजऱ गृह मंत्री को तत्काल दख़ल देने की अपील की।

Written By
The Punjab Wire