ਹੋਰ ਗੁਰਦਾਸਪੁਰ ਪੰਜਾਬ ਮੁੱਖ ਖ਼ਬਰ

सिर पर गमले मार कर दो व्यक्तियों का कत्ल, शमशान घाट के पास मिले शव

सिर पर गमले मार कर दो व्यक्तियों का कत्ल, शमशान घाट के पास मिले शव
  • PublishedJune 25, 2021

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर शुरु की जांच

गुरदासपुर, 25 जून (मनन सैनी)। थाना धारीवाल अधीन पड़ते गांव फज्जूपुर के शमशान घाट के नजदीक खेतों में दो व्यक्तियों की संदिग्ध हालातों के चलते कत्ल कर दिया गया । सूचना मिलने पर एसपी (डी) हरविंदर सिंह संधू, डीएसपी कुलविंदर सिंह विर्क , डीएसपी राजेश कक्कड़ मौके पर पहुंचे तथा छानबीन शुरु की। इस संबंधी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। मृतकों की पहचान शाम लाल एवं स्टीफन के रुप में हुई है।

तरलोक सिंह पुत्र हरनाम सिंह ​निवासी गांव लेहल ने पुलिस को सूचना दी कि गांव फज्जूपुर के शमशान घाट में बने एक धार्मिक स्थान पर लछमन दास और उसका परिवार पिछले करीब 40 साल से रहता था। परन्तु लछमन दास और उसकी पत्नी की मौत हो जाने के बाद उनका लड़का शाम लाल (35) शमशान घाट में रहता था। वहीं चमन मसीह निवासी गांव लेहल की मौत हो जाने के कारण उसका लड़का स्टीफन भी शाम लाल के साथ ही शमशान घाट में ही रहता था। शाम लाल तथा स्टीफन दोनो खेतों में मजदूरी करके अपना गुजारा करते थे। जबकि कुछ अन्य लड़के इनके पास आ कर ताश खेलते थे।

तरलोक सिंह ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे वह अपनी मोटर पर गया तो देखा कि शमशान घाट में पड़े बिस्तरों के पास खून बिखरा पड़ा था। जबकि शाम लाल एवं स्टीफन के शव शमशान घाट के नजदीक खेतों में पड़े थे। शमशान घाट में टूटे पड़े गमलों से इस तरह प्रतीत होता है कि किसी की ओर से मृतकों के सिर और चेहरों पर गमलों के साथ वार करके शव को घसीट कर खेतों में फैंका गया हो।

इस संबंधी एसपी (डी) हरविंदर सिंह संधू ने बताया कि तरलोक सिंह के ब्यानों के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज शवों को पोस्टमार्टम करे लिए सिवल अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होनें बताया कि गांव के सरपंच के अनुसार शमशान में लोग ताश जरुर खेलते थे परन्तु वहां कोई नशा नही होता था। हालाकि उक्त सभी बाते जांच अधीन है। 

Written By
The Punjab Wire