जिला प्रशासन व विधायक के प्रयासों से मध्य प्रदेश लौटे 250 मजदूर

यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव केपी पाहड़ा ने अपनी बेटी के जन्म दिन पर प्रवासी मजदूरों के बच्चों से कटवाया केक 

गुरदासपुर।पिछले करीब दो माह से लॉकडाऊन के कारण कारोबार ठप्प होने के चलते अपने घरों में वापिसी का इंतजार कर रहे प्रवासी मजदूरों को हलका विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा व जिला प्रशासन की ओर से प्रबंध करके लगातार वापिस भेजा जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को मध्य प्रदेश से संबंधित करीब 250 लोगों को बसों के जरिए अमृतसर भेजा गया। जहां से विशेष ट्रेन के माध्यम से मध्य प्रदेश पहुंचाया जाएगा। मध्य प्रदेश जाने वाले लोगों में अधिकतर बच्चे थे। जिसे देखते हुए हलका विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा के छोटे भाई व यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव केपी सिंह पाहड़ा की ओर से अपनी बेटी के जन्म दिन के मौके पर सभी बच्चों से केक कटवाया गया और उन्हें खाने पीने की सामग्री बांटी गई।

यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव केपी सिंह पाहड़ा ने कहा कि विभिन्न राज्यों से आए मजदूर गुरदासपुर व आसपास क्षेत्रों में पिछले लंबे समय से काम करके हलके के विकास में सहयोग कर रहे थे। अब लाकडाऊन समाप्त होने के बाद उनका प्रयास है कि जल्द से जल्द सभी जरुरतमंद लोगों को उनके घरों तक पहुंचाया जाए। जिसके तहत पहले 1195 लोगों को यूपी भेजा गया था और आज 250 लोगों को मध्य प्रदेश भेजा जा रहा है। उन्हों ने बताया कि मजदूरों को गुरदासपुर से बसों में रवाना किया गया है। जहां से आगे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से लगाई गई विशेष ट्रेन में भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त मजदूरों के जाने का सारा खर्च पंजाब सरकार द्वारा उठाया गया है।

सभी मजदूरों को राशन भी मुहैया करवाया गया है। उन्होंने बताया कि आज उनकी बेटी मनरीत का जन्मदिन था। जिसे वह पहले अपने रिश्तेदारों को बुलाकर मनाते थे। लेकिन इस बार उन्होंने बेटी का जन्मदिन मध्य प्रदेश में जाने वाले छोटे छोटे बच्चों के साथ मनाने का फैसला लिया। जिसके चलते हाथों से ही केक कटवा कर उन्हें खाने पीने का सामान बांटा गया। यूथ कांग्रेस के जिला प्रधान एडवोकेट बलजीत सिंह पाहड़ा ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से आज 250 मध्य प्रदेश के मजदूरों को घर वापिस भेजा गया है। जिनके लिए हलका विधायक बरिदरमीत सिंह पाहडा के नेतृत्व में बसों का प्रबंध किया गया था। उन्होंने कहा कि कोरोना फैलने के पहले दिन से हलका विधायक व जिला प्रशासन लगातार काम कर रहे है।

उन्होंने कहा कि अब जल्द ही बिहार भेजने का प्रबंध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज अपने घरों को लौट रहे बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। उन्होंने कहा कि पिछले ढ़ाई महीने से फंसे लोग अपने अब अपने घरों में परिवार के पास जाना चाहते है। उन्होंने कहा कि अगर स्थिति सामान्य होगी, उन्हें पूरी आशा है कि उक्त लोग एक बार फिर से लौट आएंगे और फिर से हलके के विकास में योगदान देंगे।

Exit mobile version