पंजाब में पुलिस टीम पर हमला, एक एएसआई का हाथ कटा, कई पुलिसकर्मी घायल।

पंजाब के पटियाला में कर्फ्यू के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ है। हमले में एक एएसआई का हाथ कट गया है तो कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावरों को घेर लिया है, साथ ही उनसे आत्मसमर्पण की अपील की । फिलहाल घटनास्थल पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

वहीं पंजाब के विशेष सचिव केबीएस सिद्धू ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में सात लोगो को गिरफ्तार कर लिया गया है।घटना रविवार (12 अप्रैल) सुबह की है। सन्नौर सब्जी मंडी में निहंग सिंह खरीददारी के लिए आए थे। तभी नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनसे कर्फ्यू पास दिखाने के लिए कहा। इस पर पुलिस और निहंग सिंहों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते आरोपियों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। 

इसके बाद आरोपियों ने नाका तोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जिनमें चार को पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एएसआई हरजीत सिंह, जिनका हाथ कट गया है, उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। एएसआई की सर्जरी चंडीगढ़ पीजीआई में जारी है।

सूचना मिली है कि वारदात के बाद निहंग सिंह डेरे में छिप गए हैं। इसके बाद पुलिस ने पूरे डेरे को घेर लिया है। पुलिस ने लाउडस्पीकर से आरोपियों से आत्मसमर्पण की अपील की। वहीं डेरे के भीतर से निहंग सिंहों ने भी लाउडस्पीकर से प्रशासन पर जुबानी हमला बोला। वहां का माहौल तनावपूर्ण है।

पूरे मामले में पंजाब डीजीपी दिनकर गुप्ता ने कहा कि आज (12 अप्रैल) सुबह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में निहंगों के एक समूह ने पटियाला की सब्जी मंडी में कुछ पुलिस अधिकारियों और मंडी बोर्ड के एक अधिकारी को घायल कर दिया। एएसआई हरजीत सिंह, जिनका हाथ कटा है वे पीजीआई चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। मैंने पीजीआई के निदेशक से बात की है, जिन्होंने सर्जरी के लिए पीजीआई के शीर्ष प्लास्टिक सर्जन की नियुक्ति की है। सर्जरी अभी शुरू हो जाएगी। ।

Exit mobile version