अजय देवगन नही मिलते तो क्या काजोल शाहरुख खान से शादी करती?

wedding

नई दिल्ली,। अगर अजय देवगन नहीं मिलते तो क्या काजोल शाह रुख़ ख़ान से शादी करतीं? फैन ने काजोल से जब यह सवाल पूछा तो उन्होंने दिलचस्प जवाब देते हुए कहा था कि क्या पुरुष को प्रपोज नहीं करना चाहिए? काजोल का यह जवाब सोशल मीडिया में वायरल हो गया था और फैंस ने काजोल की उनके सेंस ऑफ़ ह्यूमर के लिए जमकर तारीफ़ की थी। इस सवाल-जवाब के बाद अब अजय देवगन ने सोशल मीडिया में काजोल के लिए प्यारी बातें कही हैं। 

दरअसल, अजय और काजोल की फ़िल्म इश्क़ की रिलीज़ को 22 साल पूरे हो गये हैं। उस दौर को याद करते हुए अजय ने ट्विटर पर अपना और काजोल का फ़िल्म से एक प्यारा-सा फोटो शेयर किया और उसके साथ कैप्शन लिखा- नींद चुराई मेरी किसने ओ सनम… तूने…। यह पंक्ति इश्क़ के एक गाने से ली गयी है। अजय और काजोल के फैंस इन दोनों कलाकारों की इस जुगलबंदी को ख़ूब एंजॉय कर रहे हैं और उन्हें बधाई दे रहे हैं।

वैसे यह भी संयोग ही है कि शाह रुख़ से शादी के सवाल के ठीक एक दिन बाद अजय ने सोशल मीडिया में काजोल के लिए अपनी भावनाएं फ़िल्म के गाने के ज़रिए ज़ाहिर की हैं। अजय और काजोल को इंडस्ट्री के बेस्ट कपल्स में से एक माना जाता है। 

अजय और काजोल ने 1994 में गुंडाराज की शूटिंग के दौरान एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। 1999 में दोनों की शादी हुई। यानि 1997 में रिलीज़ हुई इश्क़ की रिलीज़ के वक़्त अजय और काजोल रिलेशनशिप में थे और इस लिहाज़ से भी नींद चुराई मेरी किसने ओ सनम गाना कपल पर फिट बैठता है। अजय और काजोल ने पहली बार 1995 की फ़िल्म हलचल में साथ काम किया था। संयोग से बेस्ट फ्रेंड शाह रुख़ ख़ान के साथ उनकी माइल स्टोन फ़िल्म दिलवाले दुल्हनिया भी उसी साल रिलीज़ हुई थी। 

इश्क़ 1997 में 28 नवंबर को रिलीज़ हुई थी। इंद्र कुमार निर्देशित रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म में आमिर ख़ान और जूही चावला भी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा थे। फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर बड़ी सफलता साबित हुई थी। अजय और काजोल अब तानाजी- द अनसंग वॉरियर में साथ आएंगे, जो 10 जनवरी को रिलीज़ हो रही है। जूही ने भी इश्क़ को याद करते हुए ट्वीट किया है।

Exit mobile version