किसानों ने मनाया किसान महिला दिवस, भारी संख्या में किसान महिलाएं हुई शामिल,शहर में रोष मार्च निकाल केंद्र सरकार का फूंका पुतला

गुरदासपुर, 18 जनवरी (मनन सैनी)। कृषि कानून के विरोध में किसानों का रेलवे स्टेशन पर चला आ रहा धरना सोमवार को भी जारी रहा। वहीं किसानों ने सोमवार को किसान महिला दिवस के रुप में मनाया। इस दौरान धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान महिलाएं शामिल हुई। इसके बाद शहर में रोष मार्च निकाल जहाज चौक में केंद्र सरकार का पुतला जलाया गया।

किसान नेता मक्खन सिंह कोहाड़ ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानून के विरोध में किसान पुरुष व महिलाएं सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ धरना दे रही हैं। लेकिन केंद्र सरकार के कानों पर जूं तक नहीं सरक रही। उन्होंने कहा कि दिल्ली में किसान पिछले कई दिनों से सड़कों पर बैठे हुए हैं। भीषण सर्दी में किसान धरना दे रहे हैं,मगर मोदी सरकार खेती कानून रद नहीं कर रही। उलटा किसानों के साथ बैठकें कर किसानों को मूर्ख बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज उनकी ओर से आज का दिन महिला दिवस के रुप में मनाया गया है। किसान महिलाएं बड़ी संख्या में धरने में शामिल हुईं है। जिससे साफ जाहिर हो गया है कि इस संघर्ष में किसान पुरुष ही नहीं उनकी पत्नियां भी आगे होकर संघर्ष कर रही हैं। इस मौके पर जतिंदर कौर,परमिंदर कौर, रणजीत कौर, गुरवंत कौर के अलावा अन्य महिलाएं उपस्थित थी।

Exit mobile version